मथुरा: प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में आग, सेवादारों पर विवाद
वृंदावन में प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका। घटना के बाद सेवादारों की अभद्रता पर स्थानीय लोगों का आक्रोश।

प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में आग : Pics AI
mathura
2:10 PM, Jan 11, 2026
O News हिंदी Desk
मथुरा: संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में लगी भीषण आग, सेवादारों की अभद्रता से बढ़ा विवाद
Mathura Vrindavan Fire News: रविवार सुबह वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट नंबर-212 से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। बताया जा रहा है कि आग का प्राथमिक कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकता है। घटना के बाद से सोसाइटी और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग तरह की चर्चाएँ तेज हैं।
महाराज सुरक्षित, बड़ा हादसा टला
सूत्रों के अनुसार प्रेमानंद जी महाराज पिछले लगभग एक महीने से श्री राधाहित कैलिकुंज में रह रहे हैं। ऐसे में घटना के दौरान उनके फ्लैट में मौजूद न होने के कारण एक बड़ा खतरा टल गया। आग लगते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और थोड़ी ही देर में दमकल विभाग व पुलिस मौके पर पहुंच गई। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सेवादारों का व्यवहार बना विवाद का केंद्र
फायर कंट्रोल के बीच जो बात सबसे ज्यादा चर्चा में रही, वह थी महाराज के सेवादारों का व्यवहार। घटना के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों, आग बुझाने पहुंचे कर्मियों और कवरेज कर रहे पत्रकारों ने आरोप लगाया कि सेवादारों ने मोबाइल छीनने, वीडियो रोकने और अभद्रता करने जैसी हरकतें कीं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने जैसी गंभीर स्थिति में भी सेवादारों ने मदद लेने के बजाय लोगों को धक्का देकर हटाने की कोशिश की। कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि सेवादारों ने मौजूद पुलिसकर्मियों से भी बदसलूकी की, जिसकी वजह से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
स्थानीय ब्रजवासियों में गहरा आक्रोश
वृंदावन के स्थानीय ब्रजवासियों ने सेवादारों के व्यवहार को लेकर नाराज़गी जताई है। कई लोगों का कहना है कि “आपदा की घड़ी में जब लोग मदद करने आए थे, तब सेवा भाव के बजाय अभिमान और अभद्रता दिखाई गई”।
स्थानिय निवासियों ने इस घटना को धार्मिक और सामाजिक मर्यादा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर बहस जारी है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
दमकल विभाग ने आग लगने की वजह जानने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने सोसाइटी में फायर सेफ्टी उपकरणों, इलेक्ट्रिक सुरक्षा और आपातकालीन निकास मार्गों की समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
Source: ABP


